Ranchi : राजधानी रांची में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद बिक्री में लिप्त एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। हिन्दपीढ़ी, पुंदाग, सदर और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में की गई ताबड़तोड़ छापेमारी में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हथियार और जिंदा गोलियां बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मो कबीर उर्फ बबलू उर्फ बोना, शाहनवाज आलम, मो सैफ उर्फ शेरा, अनुज ठाकुर और अंकित कुमार बताये गये। इन लोगों के पास से कुल दो फैक्ट्री मेड पिस्टल, तीन देशी कट्टा, एक देशी रिवॉल्वर और 110 जिंदा गोलियां जब्त की गयी है।
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि बीते 10 जनवरी की रात करीब 10 बजे एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि हिन्दपीढ़ी थाना क्षेत्र के बड़ी मस्जिद लेन रोड में कुछ अपराधी अवैध हथियारों की खरीद बिक्री करने वाले हैं। सूचना के बाद सिटी एसपी पारस राणा के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
बड़ी मस्जिद लेन से पहली गिरफ्तारी
पुलिस टीम रात करीब 11:20 बजे बड़ी मस्जिद लेन रोड पहुंची। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. कबीर उर्फ बबलू उर्फ बोना (38 वर्ष) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 9 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा गोलियां मिली। हथियार से संबंधित कोई वैध कागजात वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में मो. कबीर ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर रांची में अपराधियों को अवैध हथियार सप्लाई करता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हथियार बरामद
पुंदाग थाना क्षेत्र से शाहनवाज आलम को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक फैक्ट्री मेड पिस्टल और 7 जिंदा गोलियां बरामद हुई। उसके साथ मौजूद अंकित कुमार के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। सदर थाना क्षेत्र से मो. सैफ उर्फ शेरा के पास से दो देशी कट्टा और 5 जिंदा कारतूस जब्त किए गए। वहीं सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में अनुज ठाकुर के घर से एक छह चक्रिय देशी रिवॉल्वर और 77 जिंदा गोली बरामद की गई।
बिहार से लाकर रांची में बेचते थे हथियार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिहार के कैमूर और मुंगेर जिले से हथियार लाकर रांची में अपराधियों को बेचते थे। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।
पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी मो. कबीर सहित कुछ अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट और गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इस संबंध में सभी संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसपी ने बताया कि पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और अवैध हथियारों के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
Also Read : ठंड का प्रकोप, रांची में बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां


