Hazaribagh : बड़कागांव प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। पानी की कमी के कारण छात्राओं की पढ़ाई के साथ साथ उनकी सेहत पर भी असर पड़ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए अदाणी फाउंडेशन ने गोंदुलपारा खनन परियोजना के तहत विद्यालय परिसर में डीप बोरवेल का निर्माण कराया। इसके शुरू होने से अब स्कूल की 430 से अधिक छात्राओं को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिल रहा है।
पानी मिलने से बदली दिनचर्या
डीप बोरवेल चालू होने के बाद विद्यालय का माहौल बदल गया है। पहले छात्राओं को पानी जुटाने में काफी समय लग जाता था। अब वही समय पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में लगाया जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि पानी की उपलब्धता से छात्राओं की उपस्थिति और एकाग्रता दोनों में सुधार हुआ है।

बिजली और कौशल पर भी ध्यान
अदाणी फाउंडेशन की पहल केवल पानी तक सीमित नहीं रही। स्कूल में सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है ताकि बिजली की समस्या के कारण पढ़ाई बाधित न हो। इसके साथ ही छात्राओं को सिलाई मशीनें दी गई हैं, जिससे वे पढ़ाई के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी कदम बढ़ा सकें।
स्वास्थ्य सेवाओं से मिला भरोसा
विद्यालय में नियमित रूप से बच्चियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड टेस्ट और चिकित्सकीय परामर्श किया जा रहा है। आंखों की जांच कर जरूरत पड़ने पर सलाह दी जाती है। छात्राओं को उनके ब्लड ग्रुप की जानकारी भी दी गई है। पहले वर्षों में जूते उपलब्ध कराए गए थे, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली।

इकोनॉमिक्स में सुधरे नतीजे
विद्यालय में लंबे समय से इकोनॉमिक्स शिक्षक की कमी थी, जिसका असर छात्राओं के परिणाम पर पड़ रहा था। अदाणी फाउंडेशन ने वित्तीय सहयोग के माध्यम से पिछले दो वर्षों से इकोनॉमिक्स शिक्षक की व्यवस्था की। इसका सकारात्मक असर देखने को मिला है और इस विषय में छात्राओं के अंक लगातार बेहतर हो रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन ने जताया आभार
विद्यालय की प्रिंसिपल किरण कुमारी ने बताया कि अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से स्कूल की छात्राओं को पढ़ाई, स्वास्थ्य और सुविधाओं के स्तर पर बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से बच्चियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।

अन्य स्कूलों में भी सहयोग
अदाणी फाउंडेशन की ओर से पहले हरली है स्कूल में बेंच और डेस्क उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं चंदौल मध्य विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की तैयारी भी की जा रही है।
सीएसआर कार्यों से बदल रहा क्षेत्र
बड़कागांव प्रखंड में अदाणी फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कौशल विकास से जुड़े कई कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, छात्रों के लिए शैक्षणिक सहयोग, महिलाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण और बुनियादी सुविधाओं के विकास से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन प्रयासों से क्षेत्र के सामाजिक विकास को गति मिली है और खासकर बेटियों का भविष्य मजबूत हो रहा है।
Also Read : रांची में अवैध हथियारों का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, पांच गिरफ्तार


