रांची : पुलिस व माओवादियों के बीच मुठभेड़, 2 जवान शहीद, जाने पूरी रिपोर्ट

JoharLive Team

रांची । राजधानी रांची के दशम इलाके में माओवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एसटीएफ के दो जवान शहीद हो गए हैं। इसके अलावा कई अन्‍य जवानों को भी गोलियां लगी हैं। एसएसपी अनीश गुप्ता, डीआइजी एवी होमकर सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। इलाके में नक्सलियों के आने की सूचना के बाद सर्च ऑपरेशन चल रहा था। घायल जवानों को रांची के मेडिका अस्‍पताल लाया गया है। यहां इनका इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि पुलिस को रांची-खूंटी जिला के सीमा क्षेत्र में डाकापीढ़ी जंगल तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नक्‍सलियों की गतिविधियां की गुप्‍त सूचना मिली। इसके बाद झारखंड जगुआर की एक टीम को ऑपरेशन के लिए भेजा गया। आज सुबह पांच बजे के करीब नक्‍सलियों और पुलिस जवानों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक जवान घटनास्‍थल पर ही शहीद हो गया। गंभीर रूप से घायल एक अन्‍य जवान की मेडिका अस्‍पताल में इलाज के दौरान मृत्‍यु हो गई। शहीद जवानों में पलामू के लेस्‍लीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले आरक्षी अखिलेश राम और रांची के सोनाहातु थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के आरक्षी खंजन कुमार महतो शामिल हैं।

इधर, नक्सलियो के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए जवानो के प्रति मुख्यमंत्री श्री रघुबर दास ने शोक जताते हुए कहा है कि नक्सली झारखंड में आख़िरी लड़ाई लड़ रहे है। सरकार नक्सलियों के प्रति कोई नरमी नहीं बरतेगी। जवानो की शहादत बेकार नहीं जायेगी। सरकार शहीद जवानो के परिजनों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी। मालूम हो कि आज राँची के दशम फाल के समीप दो जवान शहीद हो गये है।