Jamshedpur : जमशेदपुर में मरीन ड्राइव पर जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वैदिक मंत्रोच्चार और शिलापट्ट का अनावरण
धार्मिक पुरोहितों द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न कराया गया। राष्ट्रपति मती द्रौपदी मुर्मु ने शिलापट्ट का अनावरण कर इस केंद्र की आधारशिला रखी। इस अवसर पर माननीय सांसद बिद्युत बरन महतो, माननीय विधायक सरयू राय, विधायक मती पूर्णिमा साहू और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

केंद्र का उद्देश्य और लागत
जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र का संचालन जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस केंद्र की रूप-रेखा पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर होगी।

सीएम हेमंत बोले- यह स्थापना सराहनीय कदम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जय जगन्नाथ का उद्घोष करते हुए कहा कि देश और दुनिया में कई संस्थाएं अलग-अलग उद्देश्य के साथ मानव जीवन को तराशने में मदद करती हैं। उन्होंने इस केंद्र की स्थापना को सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समन्वय की दिशा में सराहनीय कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र आने वाले समय में एक अभूतपूर्व और भव्य केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने ट्रस्ट की सोच और उद्देश्य की सराहना की और सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

उपस्थित गणमान्य लोग
इस कार्यक्रम में टीवी नरेंद्रन (CEO & MD, टाटा स्टील), एसके बेहरा (मैनेजिंग ट्रस्टी, ट्रस्ट), मनोरंजन दास (ट्रस्टी) और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह भूमि पूजन समारोह न केवल जमशेदपुर के लिए बल्कि झारखंड में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समन्वय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Also Read : बंदगांव से लापता नाबालिगों को पुलिस ने चंद घंटों के अंदर किया बरामद, परिजनों ने खुशी का माहौल


