Ranchi : झारखंड में नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप न्यायिक प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को ई-सम्मन एप्लिकेशन लागू करने की तैयारी करने का निर्देश दिया है। इसके लिए प्रत्येक जिले में एक नोडल पदाधिकारी (डिस्ट्रिक्ट एडमिन) नामित करने को कहा गया है।
इस संबंध में जैप डीआईजी सह सीसीटीएनएस के नोडल पदाधिकारी कार्तिक एस की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी समेत अन्य सभी जिलों के एसपी को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने-अपने जिले में एक नोडल पदाधिकारी नामित करें और उनका विवरण निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराएं।
ई-सम्मन एप्लिकेशन से आसान होगी प्रक्रिया
जारी आदेश में बताया गया है कि नए आपराधिक कानूनों के अनुसार कोर्ट से सम्मन जारी होने से लेकर उसके तामिला तक की पूरी प्रक्रिया को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से करने की योजना है। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), नई दिल्ली द्वारा ई-सम्मन एप्लिकेशन तैयार किया गया है। इस एप्लिकेशन के जरिये कोर्ट से जारी होने वाले सम्मन की जानकारी डिजिटल रूप से संबंधित थाने तक पहुंचेगी और उसकी तामिला की प्रक्रिया भी ऑनलाइन दर्ज की जा सकेगी। इससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और काम में पारदर्शिता के साथ तेजी आएगी।
नोडल पदाधिकारी बनाएंगे थानों के यूजर आईडी
निर्देश में कहा गया है कि जिला स्तर पर नामित किए जाने वाले नोडल पदाधिकारी का यूजर आईडी बनाया जाएगा। यही अधिकारी अपने जिले के अधीन सभी थानों के पदाधिकारियों का यूजर आईडी तैयार करेंगे। इसके जरिए ई-सम्मन एप्लिकेशन का संचालन किया जाएगा।
8 मार्च तक भेजनी होगी जानकारी
डीआईजी सह सीसीटीएनएस नोडल पदाधिकारी कार्तिक एस. ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे अपने जिले में नोडल पदाधिकारी नामित कर उनका पूरा विवरण निर्धारित प्रपत्र में भरकर 8 मार्च 2026 की अपराह्न तक ईमेल आईडी spmucctnsjharkhand@gmail.com पर भेजना सुनिश्चित करें।
Also Read : रांची के पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी

