Koderma : जयनगर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब हाजत में बंद एक कैदी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विजय यादव (32) के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार सुबह यानि आज की बताई जा रही है।
पत्नी की शिकायत पर रात में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, बीते रात विजय यादव की पत्नी चमेली देवी की शिकायत पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था और जयनगर थाना लाया गया था। हालांकि, पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में पत्नी की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस का कहना है कि शुरुआती शिकायत में घर से निकलने को लेकर विवाद की बात सामने आई थी, जिसके आधार पर पूछताछ के लिए उसे थाना लाया गया था।
सुबह हाजत में मिला शव, मची अफरा-तफरी
सुबह जब पुलिसकर्मी हाजत की ओर पहुंचे तो विजय यादव संदिग्ध हालत में मिला। इसके बाद तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस, डीएसपी कर रहे मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रतिभान सिंह जांच में जुट गए हैं।डीएसपी ने बताया कि पत्नी की शिकायत के आधार पर विजय को थाना लाया गया था और पूरे मामले की जांच की जा रही है कि आखिर थाने के अंदर यह घटना कैसे हुई।
पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
थाने के हाजत में इस तरह की घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहा है।
Also Read : स्वर्णरेखा नदी तट पर मिला “अमेरिकन मेड” शक्तिशाली बम, इंडियन आर्मी को लिखा गया पत्र

