आनंद दत्त
झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन (जेपीएससी) घोटाले में खुलासों की बाढ़ सी आई हुई है. नित नए खुलासे हर दिन घोटाले की नई परतों को उजागर कर रही है. सीआईडी की जांच के बाद फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (एफआरओ) की परीक्षा में भी भयंकर धांधली की बात सामने आई है.
सीआईडी की जांच में पाया गया है कि पतंजलि कोचिंग संचालक संजीत कुमार 119 अभ्यर्थियों के संपर्क में था. जानकारी के मुताबिक FRO मुख्य परीक्षा में सफल 743 अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबरों की जांच संजीत कुमार के दो मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से की गई. जांच के अनुसार, 119 अभ्यर्थियों के नंबरों से संपर्क या मिलान सामने आया.

सीडीआर से यह भी पता चला है कि संजीत कुमार का धर्मेंद्र कुमार, रवि शंकर कुमार, ब्रज कुमार राम और अभय कुमार तिवारी समेत अन्य आरोपियों से भी संपर्क था. इन संपर्कों और बैंकिंग लेनदेन को कथित परीक्षा सेटिंग नेटवर्क की जांच में महत्वपूर्ण बताया गया.
चेयरमैन के पीए ने घोटाले के पैसे से खरीदी कार
सीआईडी ने जांच के क्रम में जेपीएससी के चेयरमैन एल. ख्यांगते के पीएस धर्मेंद्र कुमार द्वारा खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार के डाउन पेमेंट के संबंध में प्रेमशंस मोटर्स से जानकारी ली है. इस जानकारी के अनुसार संजीत की यूपीआई आईडी के माध्यम से 1.69 लाख रुपये का भुगतान किए जाने की बात सामने आई है.
संजीत के एक्सिस बैंक खाते के विवरण में भी 6 अप्रैल 2026 को 99 हजार रुपये और 10 अप्रैल 2026 को 70 हजार रुपये धर्मेंद्र कुमार की पत्नी के खाते में ट्रांसफर किए जाने का उल्लेख है. सीआईडी ने इन लेनदेन को कथित परीक्षा सेटिंग की व्यवस्था के संदर्भ में संजीत कुमार और धर्मेंद्र कुमार के बीच वित्तीय संबंध का संकेत बताया है.
हालांकि संजीत कुमार ने जांच के क्रम में सीआईडी को बताया था कि यह रकम कोचिंग संस्थान में पढ़ाने वाले रवि शंकर कुमार के अनुरोध और गारंटी पर व्यक्तिगत ऋण के रूप में दी गई थी. उन्होंने परीक्षा में गड़बड़ी या आपराधिक साजिश में शामिल होने से इनकार किया.
20 लाख रुपये में परीक्षा पास कराने के आरोप का भी उल्लेख
सीआईडी ने जांच के क्रम में तैयार अपने रिपोर्ट में पंकज प्रसून और ऋतिक रोशन के बयानों का हवाला देते हुए संजीत कुमार की कथित भूमिका पर सवाल उठाए हैं. सीआईडी की रिपोर्ट में ऋतिक रोशन और संजीत कुमार के बीच परीक्षा पास कराने के लिए 20 लाख रुपये की कथित व्यवस्था का भी उल्लेख है. इस संबंध में किस्तों में भुगतान किए जाने की बात सामने आई है.
सीआईडी ने अनुसार, पंकज प्रसून को आरोपी संजीत कुमार का चचेरा भाई बताया गया है, जबकि ऋतिक रोशन के साथ भी आरोपी का करीबी पारिवारिक संबंध होने का आरोप है.


