Patna : पटना मेट्रो परियोजना का काम तेजी से चल रहा है। इसी के तहत राजधानी के लोगों के लिए एक जरूरी सूचना जारी की गई है। मेट्रो निर्माण कार्य के कारण 3 जनवरी से 25 जनवरी तक नहर रोड के एक हिस्से में वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से बंद रहेगी। प्रशासन के अनुसार, रूपसपुर फ्लाईओवर से दीघा फ्लाईओवर तक नहर रोड पर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। यह रोक मेट्रो की अंडरग्राउंड टनल निर्माण से जुड़े कार्यों के कारण लगाई गई है।
क्यों लगाया गया प्रतिबंध
पटना मेट्रो की अंडरग्राउंड टनल के लिए बिजली की अंडरग्राउंड डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। इसके लिए नहर के किनारे मोनो पोल लगाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में मेट्रो संचालन के दौरान कोई तकनीकी या सुरक्षा समस्या न हो।
काम दो चरणों में होगा
पहले चरण में रूपसपुर नहर से बाएं पाटलिपुत्र स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा, जबकि दीघा से पाटलिपुत्र स्टेशन की ओर वाहन चलते रहेंगे। दूसरे चरण में पाटलिपुत्र स्टेशन से दीघा फ्लाईओवर तक यातायात रोका जाएगा और बेली रोड से पाटलिपुत्र स्टेशन तक आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग तय
यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। वाहन चालक गोला रोड होते हुए बेली रोड, दानापुर कैंट से सगुना मोड़ होकर बेली रोड या आशियाना–दीघा रोड से बेली रोड का उपयोग कर सकते हैं। लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर लें।
पटना मेट्रो की स्थिति
पटना जंक्शन से रुकनपुरा तक अंडरग्राउंड मेट्रो की लंबाई करीब 10.54 किलोमीटर होगी। इस रूट पर पटना जंक्शन, सचिवालय, पटना जू, राजाबाजार और रुकनपुरा सहित कई अंडरग्राउंड स्टेशन बन रहे हैं। पाटलिपुत्र, सगुना मोड़ और दानापुर में एलिवेटेड स्टेशन बनाए जा रहे हैं। खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। अधिकारियों के अनुसार, भूतनाथ के आगे खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन का उद्घाटन जनवरी के अंत तक हो सकता है।
फिलहाल पटना मेट्रो आईएसबीटी से भूतनाथ तक 4.5 किलोमीटर के रूट पर चल रही है। आने वाले समय में मेट्रो को बाइपास होते हुए मीठापुर एजुकेशन हब तक ले जाने की योजना है। मेट्रो के विस्तार से राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
Also Read : असनाबांध यात्री शेड में अज्ञात व्यक्ति का श’व मिलने से हड़कंप


