Gumla : झारखंड सरकार की फूलों झानो आशीर्वाद योजना आज गुमला जिले की ग्रामीण और आदिवासी महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का एक मजबूत साधन बन गई है। सीमित संसाधन और अस्थिर आमदनी वाली महिलाएं अब इस योजना के जरिए सम्मानजनक आजीविका कमा रही हैं।
पालकोट प्रखंड के कांडेबीरा गांव की हिर्मेत देवी पहले छोटे-मोटे कामों पर निर्भर थीं और परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता था। योजना के तहत उन्हें ₹10,000 की मदद मिली। इसके बाद हिर्मेत देवी ने गांव में छोटी किराना दुकान खोली, सूअर पालन शुरू किया और लाह उत्पादन के जरिए अतिरिक्त आमदनी जुटाई। अब वे लगभग ₹12,000 प्रति माह कमा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो गई है।
इसी गांव की सुखनी देवी भी पहले केवल खेती और छोटे कामों पर निर्भर थीं। योजना के तहत मिली ₹10,000 की राशि ने उन्हें बकरी पालन, लाह की खेती, सब्जी उत्पादन और छोटे होटल का संचालन करने का मौका दिया। अब उनकी मासिक आय ₹10,000 से ₹12,000 है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
फूलों झानो आशीर्वाद योजना न केवल आर्थिक मदद देती है, बल्कि महिलाओं को सम्मान, स्वावलंबन और सुरक्षित भविष्य की दिशा में भी आगे बढ़ाती है। गुमला जिला प्रशासन इस योजना को प्रभावी रूप से लागू कर अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रहा है।


