Joharlive Desk : आयुष्मान खुराना की कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। 15 मई 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने अब अपने 10 दिन पूरे कर लिए हैं। शुरुआत में फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन दूसरे हफ्ते में पहुंचते ही इसकी कमाई में फिर तेजी देखने को मिल रही है। दिलचस्प बात यह है कि थिएटर में नई फिल्मों की एंट्री के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है।
दूसरे रविवार को फिल्म ने दिखाई ताकत
मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दूसरे रविवार को शानदार कमाई की है। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन यानी रविवार को 3.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यह कमाई शनिवार के मुकाबले बेहतर रही। शनिवार को फिल्म ने 2.75 करोड़ रुपये कमाए थे, यानी रविवार को कलेक्शन में करीब 18 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली। अब तक फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 36.35 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 43.22 करोड़ रुपये हो गया है।
विदेशों में भी मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। 10वें दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से करीब 35 लाख रुपये कमाए। इसके साथ ही विदेशों में फिल्म की कुल कमाई 7.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। अगर भारत और विदेशों की कमाई को जोड़ दिया जाए, तो फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 50.52 करोड़ रुपये हो चुका है।
नई फिल्मों के बीच भी नहीं टूटी फिल्म की पकड़
इस वक्त सिनेमाघरों में कई नई फिल्में भी लगी हुई हैं, जिससे मुकाबला और कड़ा हो गया है। बॉलीवुड फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ ने रविवार को भारत में 4.35 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं दूसरी तरफ मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित फिल्म Drishyam 3 भी रिलीज हो चुकी है। इन बड़ी रिलीज के बावजूद ‘पति पत्नी और वो दो’ दर्शकों को थिएटर तक खींचने में सफल रही है और बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से बनी हुई है। फिल्म में आयुष्मान खुराना लीड रोल में हैं। उनके साथ रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान और वामिका गब्बी अहम किरदार में नजर आ रही हैं। इसके अलावा फिल्म में विजय राज, दुर्गेश कुमार, तिग्मांशु धूलिया और दीपिका अमीन जैसे कलाकारों ने भी दमदार किरदार निभाया है।
Also Read : झारखंड में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटे ने पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से की ह’त्या, बेटी गंभीर


