Pakur : पाकुड़ नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर साफ हो चुकी है। कुल 99 प्रत्याशी मैदान में हैं और सभी को उनके चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। इसी को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और चुनावी तैयारियों की पूरी जानकारी दी।
99 प्रत्याशी मैदान में, चुनाव चिन्ह मिले
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि अंतिम सूची जारी होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए 10 और वार्ड सदस्य पद के लिए 89 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों को मतदान केंद्रों की सूची, पहचान पत्र, अंतिम प्रत्याशी सूची, खर्च का हिसाब रखने के लिए रेड चार्ट, आदर्श आचार संहिता से जुड़ी गाइडलाइन और निर्वाचन अभिकर्ता नियुक्ति से जुड़े जरूरी फॉर्म भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही खर्च लेखा जांच की तय तारीखों की जानकारी भी दी गई है।
कड़ी निगरानी, हर गतिविधि पर नजर
उपायुक्त ने साफ कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए जिले भर में कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, चार फ्लाइंग स्क्वॉड टीम, चार स्टेटिक सर्विलांस टीम, दो बीएसटी, दो वीवीटी और पांच लेखा टीम लगातार चुनावी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। इसके अलावा एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से पूरे जिले की मॉनिटरिंग की जा रही है।
बंगाल से आ रही कार से 3.50 लाख नकद जब्त
चुनाव से पहले जांच अभियान के दौरान एसएसटी टीम ने पश्चिम बंगाल से आ रही एक कार से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। उपायुक्त ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
प्रशिक्षण पूरा, स्ट्रांग रूम का काम जारी
उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर लिया गया है। मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। मतगणना के लिए बाजार समिति परिसर में स्ट्रांग रूम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस बार सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है, ताकि मतदान के दिन व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन की अपील
अंत में जिला प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों और मतदाताओं से अपील की कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक माहौल में चुनाव संपन्न कराने में सहयोग करें। उपायुक्त ने दो टूक कहा कि निष्पक्ष चुनाव में किसी तरह का समझौता नहीं होगा।
Also Read : एसटी/एससी थाना प्रभारी पर आरोप निराधार, बिना जांच कार्रवाई हुई तो कड़ा कदम : पुलिस एसोसिएशन


