रांची: झारखंड में युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं. झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू का प्रशिक्षण अगले माह से शुरू होने की संभावना है. इसके लिए डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
झारखंड सरकार के नागर विमानन विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के एयर होस्टेस एवं ग्राउंड क्रू ट्रेनिंग विभाग ने चयन साक्षात्कार आयोजित किया. इसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, संचार कौशल, अंग्रेजी भाषा में दक्षता, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और विमानन क्षेत्र में रुचि का मूल्यांकन किया गया. संस्थान के अनुसार पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई.
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि देश में विमानन क्षेत्र का विस्तार हो रहा है और इसके साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं. संस्थान का उद्देश्य झारखंड के युवाओं को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण और व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें विमानन उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके.
प्रशिक्षण के बाद कई क्षेत्रों में मिलेंगे अवसर
प्रशिक्षण के बाद युवाओं के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग, यात्री सेवा और एविएशन हॉस्पिटैलिटी समेत विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं. कैप्टन सिन्हा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल प्रमाण-पत्र देना नहीं, बल्कि युवाओं को व्यावसायिक दक्षता, संचार क्षमता, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और उद्योग-उन्मुख कौशल से लैस करना है. संस्थान इससे पहले कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्रशिक्षण भी शुरू कर चुका है.
चयन साक्षात्कार पूरा होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की प्रथम वरीयता सूची अगस्त के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है. चयनित अभ्यर्थियों को नामांकन और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी निर्धारित माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी.
Also Read : श्रावणी मेला 2026 : अंतिम सोमवारी पर बाबा मंदिर में सुरक्षा चाक-चौबंद, कंट्रोल रूम से हर कतार पर नजर


