Pakur : पाकुड़ जिले में ईद-उल-फितर को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। शहर के मुख्य बाजारों और आसपास के इलाकों में लोग अपने परिवार के साथ ईद की तैयारी में जुटे हुए हैं। खासकर सेवई और कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। सुबह से ही लोग बाजार पहुंचकर अपनी जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। बच्चों के लिए नए कपड़े, घर के लिए मिठाई और सेवई के साथ-साथ इत्र और टोपी की भी खूब खरीदारी हो रही है।
सेवई की कई किस्में बाजार में उपलब्ध
दुकानदारों ने बताया कि इस बार बाजार में अलग-अलग कंपनियों और जगहों की सेवई उपलब्ध है। ग्राहकों के बीच हल्दीराम सेवई, भागलपुरी सेवई और पटना सेवई की ज्यादा मांग देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार भागलपुरी सेवई करीब 180 रुपये किलो, जबकि पटना सेवई लगभग 200 रुपये किलो के आसपास बिक रही है। इसके अलावा जागरण ब्रांड की सेवई भी लोगों को पसंद आ रही है। लोग अपने स्वाद और बजट के अनुसार सेवई खरीद रहे हैं।
इत्र और टोपी की भी बढ़ी बिक्री
ईद के मौके पर इत्र और टोपी की भी अच्छी बिक्री हो रही है। बाजार में इत्र की कीमत करीब 30 रुपये से लेकर 250 रुपये तक है। वहीं टोपी 10 रुपये से लेकर 150 रुपये तक में बिक रही है। दुकानदारों का कहना है कि ईद के दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं और इत्र लगाते हैं, इसलिए इन चीजों की मांग हर साल काफी बढ़ जाती है।
महिलाओं में भी खास उत्साह
ईद की तैयारी को लेकर महिलाओं में भी खास उत्साह देखा जा रहा है। महिलाएं घरों में मेवा, चीनी और अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी कर रही हैं ताकि ईद के दिन मेहमानों के लिए खास पकवान बनाए जा सकें। दुकानदारों का कहना है कि ईद पर सेवई का खास महत्व होता है, इसलिए लगभग हर घर में इसे बनाया जाता है।
प्रशासन भी अलर्ट
ईद पर्व को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है और बाजारों में चहल-पहल लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं प्रशासन भी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं।
Also Read : ईरान की अमेरिका को चेतावनी, कहा-फारस की खाड़ी में आए जहाज तो डुबो देंगे

