Ranchi : राज्य में निकाय चुनाव 2026 की घोषणा होते ही प्रत्याशियों की भाग दौड़ मैदान में तेज हो गई है। राजधानी रांची में कुल 53 वार्ड में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस दौरान कुल मतदान केंद्रों की संख्या 909 बतायी गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सूची में मतदान केंद्रों को तीन भाग में बांटा गया है। इसमें सामान्य मतदान केंद्र की संख्या 271, संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 510 और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 128 बताया गया है। इसके अलावा राज्य में कुल 9 नगर निगम क्षेत्र है। जिसमें रांची के अलावा मेदिनीनगर, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, चास, आदित्यपुर और मानगो शामिल है।
मेयर 25 लाख और वार्ड पार्षद 5 लाख तक कर सकेंगे खर्च
निर्वाचन आयोग की ओर से मेयर और पार्षद प्रत्याशियों के लिए चुनाव के दौरान खर्च होने वाली राशि को लेकर भी गाइड लाइन जारी किया गया है। जनगणना वर्ष 2011 के अनुसार दस लाख या उससे अधिक वाले क्षेत्र में मेयर 25 लाख और वार्ड पार्षद 5 लाख रूपये तक खर्च कर सकेंगे। जबकि, दस लाख से कम आबादी वाले इलाके में मेयर 15 लाख और वार्ड पार्षद 3 लाख तक की राशि खर्च कर पायेंगे।
Also Read : भारत-EU संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता, पीएम मोदी ने बताया ऐतिहासिक कदम

