राष्ट्रपति आगमन : रांची के कई इलाके रेड जोन घोषित, 23 मई को होगा मॉक ड्रिल

रांची। झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ रही है। 24 मई को राष्ट्रपति का झारखंड में आगमन है, जबकि 26 मई को प्रस्थान। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुख्ता इंतजाम किए गए है। 9 आईपीएस, 20 डीएसपी, 60 इंस्पेक्टर, 250 सब-इंस्पेक्टर समेत 5000 फोर्स की तैनाती हुई है। राष्ट्रपति के रांची भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के दो किलोमीटर की परिधि क्षेत्र को अस्थाई रूप से रेड जोन घोषित किया गया है।

एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि ड्रोन नियम 2021 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। वहीं, नव निर्मित झारखंड उच्च न्यायालय के भवन उद्धघाटन एवं आईआईआईटी नामकुम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। 23 मई से राष्ट्रपति के आने-जाने वाले मार्गों पर मॉक ड्रिल किया जाएगा।

हेलीकाप्टर से मंगलवार को संजय आनंदराव लाठकर व डॉ अमिताभ कौशल देवघर व खूंटी का दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड आगमन को लेकर अब तक की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए एडीजी अभियान संजय आनंदराव लाठकर व भू-राजस्व सचिव डॉ अमिताभ कौशल हेलिकॉप्टर से मंगलवार को पहले देवघर, फिर वहां से खूंटी जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को लेकर की गई तैयारी का जायजा लेंगे। फिर रांची आने पर मुख्य कार्यक्रम स्थल का औचक निरीक्षण करेंगे।

इन-इन क्षेत्रों को किया गया है रेड जोन

एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि ड्रोन नियम 2021 के नियम 22, 24 एवं 26 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नव निर्मित उच्च न्यायालय भवन, धुर्वा से दो किमी, जेयूटी, आईआईआईटी नामकुम से दो किमी एवं राजभवन से दो किमी की परिधि क्षेत्र को 24 मई से 26 मई तक अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है। रेड जोन में कोई भी व्यक्ति सक्षम पदाधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना ड्रोन का प्रचालन नहीं कर सकेगा।