Patna : पटना मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों को आज यानी 28 जनवरी को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। तकनीकी कार्यों के कारण पटना मेट्रो रेल सेवा पूरे दिन आम जनता के लिए बंद रहेगी। मेट्रो प्रशासन ने ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की वजह से सेवा स्थगित करने की जानकारी दी है।
पटना मेट्रो ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें। साथ ही, मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है। हालांकि, 29 जनवरी से मेट्रो सेवा फिर से सामान्य रूप से शुरू हो जाएगी।
दिसंबर में भी बाधित रही थी मेट्रो सेवा
इससे पहले दिसंबर महीने में भी पटना मेट्रो सेवा प्रभावित हुई थी। 24 और 25 दिसंबर को तकनीकी खराबी के कारण मेट्रो संचालन रोक दिया गया था। 25 दिसंबर को दोपहर 3:30 बजे के बाद मेट्रो सेवा दोबारा शुरू की गई थी। उस समय पटना मेट्रो ने बताया था कि अप्रत्याशित तकनीकी समस्या के कारण सेवा बाधित हुई थी और तकनीकी टीम समस्या को जल्द दूर करने में जुटी हुई थी।
प्रायोरिटी कॉरिडोर में हो रहा है मेट्रो संचालन
पटना मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर का उद्घाटन 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। इसके बाद 7 अक्टूबर से आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू हुई। फिलहाल मेट्रो का संचालन भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी स्टेशनों के बीच किया जा रहा है।
इन तीनों स्टेशनों के बीच मेट्रो का किराया 15 रुपये रखा गया है। मेट्रो की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर डबल लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और दिल्ली मेट्रो की तरह सुरक्षा जांच के बाद ही यात्रियों को प्रवेश दिया जा रहा है।
Also Read : झारखंड में ठंड की विदाई, महसूस होने लगी हल्की गर्मी


