Bihar : बिहार सरकार ने राज्य में रोजगार और उद्योग को लेकर बड़ा प्लान सामने रखा है। 2025 से 2030 तक एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य के तहत कई बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने जमुई और नवादा को लेकर अहम घोषणाएं की हैं।
जमुई में 6 हजार करोड़ का स्टील प्लांट
डिप्टी सीएम ने बताया कि जमुई जिले में करीब 6 हजार करोड़ रुपये की लागत से स्टील प्लांट लगाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और इलाके के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। सरकार का दावा है कि इस तरह के उद्योगों से स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में काम मिल सकेगा।
नवादा में परमाणु ऊर्जा परियोजना की तैयारी
नवादा जिले में भी बड़ा प्रोजेक्ट लाने की योजना है। यहां परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। इस प्रोजेक्ट को राज्य के औद्योगिक विकास के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
इको टूरिज्म को भी बढ़ावा
सरकार सिर्फ उद्योग ही नहीं, बल्कि पर्यटन पर भी ध्यान दे रही है। भीमबांध और कुंड घाट को इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने की योजना है। इससे पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
1 करोड़ रोजगार का बड़ा लक्ष्य
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच सालों में 1 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देना है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच सालों में 50 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार दिया जा चुका है।
बाहर जाने की मजबूरी खत्म करने का दावा
सम्राट चौधरी ने कहा कि स्टील प्लांट और इथेनॉल जैसे प्रोजेक्ट लगने के बाद युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। अपने ही राज्य में उन्हें काम मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी।
नक्सल प्रभावित से विकास की ओर नवादा
नवादा में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि जो इलाका कभी नक्सल प्रभावित माना जाता था, अब वहां शांति और विकास का माहौल बन रहा है। आईटीआई मैदान में हुए कार्यक्रम में उन्होंने इन योजनाओं की जानकारी दी।
सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा
इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इन दिनों समृद्धि यात्रा के तहत जिलों का दौरा कर रहे हैं। बुधवार को वे जमुई और नवादा पहुंचे थे, जहां विकास योजनाओं और औद्योगिक प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई।
Also Read : सड़क किनारे टॉयलेट कर रहे युवक की बाइक की जोरदार टक्कर से मौत, आया हुआ था ससुराल


