Dhanbad : धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जियलगोरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर और ऑटो की जोरदार टक्कर में ऑटो सवार राजमणि देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी लोग बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के अमलाबाद के रहने वाले हैं। परिवार सासाराम-डेहरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकला था और धनबाद स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान जियलगोरा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर जा गिरे लोग
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में बैठे लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। ऑटो में परमेश्वर ठाकुर, उनकी पत्नी राजमणि देवी, भाई का बेटा कृष्ण कुमार ठाकुर, भाई की पत्नी मौसम कुमारी और नतनी सोनम सुमन सवार थे। घटना में परिवार के मुखिया परमेश्वर ठाकुर को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है।
- दो घायलों का इलाज एसएनएमएमसीएच में
- चार अन्य घायल निजी अस्पतालों में भर्ती
जोड़ापोखर थाना के सब-इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है और छह लोग घायल हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Also Read : चुनावी रुझानों पर चंपाई सोरेन का दावा- अब बदलने वाला है बंगाल का भविष्य


