Dhanbad : धनबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी किशन खान उर्फ तसलीम खान को पुलिस ने रांची से गिरफ्तार कर लिया है। वह बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 297/2025 और 11/2026 में वांछित था। आरोपी बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह का रहने वाला है और पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी। किशन खान कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान खान का खासमखास गुर्गा है।
धनबाद एसआईटी ने रांची से दबोचा
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर एक खास टीम बनाई गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि किशन खान रांची में छिपा हुआ है। इसके बाद विशेष छापामारी दल ने रांची में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाकर बरवाअड्डा थाना में रखा गया। एसपी ने बताया कि किशन खान लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन टेक्निकल सेल और गुप्त सूचना के आधार पर उसे धर दबोचा गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में किशन खान ने दोनों मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसने यह भी बताया कि वह कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के लिए काम करता था। एसपी के अनुसार, किशन खान गिरोह के लिए अहम कड़ी का काम करता था। वह व्यवसायियों के मोबाइल नंबर गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराता था, ताकि उनसे रंगदारी की मांग की जा सके। यानी सीधे तौर पर धमकी देने से पहले वह पूरी जानकारी जुटाने का काम करता था।
अपराधियों को देता था पनाह और पैसों का खेल
जांच में यह भी सामने आया है कि किशन खान सिर्फ जानकारी देने तक सीमित नहीं था। वह अपराधियों को ठहरने की जगह देता था और जरूरत पड़ने पर आर्थिक मदद भी करता था। रंगदारी से जो अवैध रकम वसूली जाती थी, उसे जमीन और दूसरे धंधों में निवेश किया जाता था। पुलिस को शक है कि इस पैसे से कई जगहों पर संपत्ति खरीदी गई है। आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसमें कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज
किशन खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उसकी निशानदेही पर लगातार छापेमारी की जा रही है। सिटी एसपी ने साफ कहा कि जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जो भी इस गिरोह से जुड़ा पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
लंबा रहा है आपराधिक इतिहास
किशन खान का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही लंबा रहा है। बरवाअड्डा थाना में उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। 2025 और 2026 के मामलों में वह फरार चल रहा था। पुलिस का कहना है कि धनबाद में रंगदारी और संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। किशन खान की गिरफ्तारी को इसी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Also Read : सीसीटीवी बिना चल रही थी परीक्षा, बोकारो डीसी ने चार वीक्षकों को ड्यूटी से हटाया


