Bokaro : जिले में चल रही मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के मकसद से शुक्रवार को डीसी अजय नाथ झा और डीडीसी शताब्दी मजुमदार ने नावाडीह स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय कंजकिरो परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, वीक्षण व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, केंद्र पर तैनात दंडाधिकारियों और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
अव्यवस्था पर नाराजगी, निर्देश दिए कड़ाई से पालन
निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षों में परीक्षा संचालन में अव्यवस्था और निगरानी में कमी पाए जाने पर डीसी ने स्पष्ट नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाए, और संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वीक्षकों से स्पष्टीकरण और ड्यूटी से हटाने का आदेश
कमरा संख्या 05 और 07 में वीक्षण व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित वीक्षक काशी महतो, भीमलाल प्रजापति, सुरेंद्र कुमार महतो और बुटेश्वर तुरी से स्पष्टीकरण तलब करने और तत्काल प्रभाव से परीक्षा ड्यूटी से हटाने का आदेश दिया गया।
सीसीटीवी अधिष्ठापन में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई
केंद्राधीक्षक मो. शरीफ द्वारा तीन कमरों में परीक्षा संचालन के दौरान सीसीटीवी कैमरे अधिष्ठापित नहीं किए जाने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। इस गंभीर लापरवाही पर केंद्राधीक्षक से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश भी दिया गया।

छात्रों को सुरक्षित और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षार्थियों को अनुशासित और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीडीसी ने छात्रों की उपस्थिति और विषयों की जानकारी ली
निरीक्षण के दौरान डीडीसी शताब्दी मजुमदार ने आयोजित विषयों की जानकारी ली और छात्रों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति का विवरण प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Also Read : खेत में अचानक लगी आग, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

