रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान CID ने सात वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और वारंट तामिला के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में छापेमारी की है. यह कार्रवाई CID थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत की जा रही है.
CID के अनुसार, जिन आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनमें रांची के नामकुम निवासी आदित्य पांडेय, टाटीसिलवे निवासी पवन कुमार सिंह, पलामू के रविशंकर कुमार और संतोष कुमार सिंह, बोकारो के सानन्द प्रकाश, हजारीबाग के लालू कुमार यादव तथा गिरिडीह के सौरभ कुमार पांडेय शामिल हैं.
OMR कार्बन कॉपी की स्क्रूटनी शुरू
जांच के दौरान CID को प्राप्त OMR कार्बन कॉपी का मिलान और स्क्रूटनी शुरू कर दी गई है. गठित CID टीम साक्ष्य संकलन के उद्देश्य से इन कार्बन कॉपियों का मिलान कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
CID ने बताया कि मामले का अनुसंधान लगातार जारी है. जांच के क्रम में प्राप्त साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. साक्ष्यों के आधार पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: JPSC आंदोलन: 10 दिन की भूख हड़ताल के बाद आज अनशन तोड़ेंगे महेंद्र प्रसाद मंडल


