Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा संयुक्त सिविल सेवा (रेगुलर) परीक्षा–2025 के तहत कुल 142 नियमित पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस संबंध में राज्य के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने आयोग को अधियाचन (नियुक्ति प्रस्ताव) भेज दिया है। इसके बाद आयोग ने परीक्षा आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही विस्तृत विज्ञापन जारी किए जाने की संभावना है।
जेपीएससी द्वारा जारी संभावित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा–2025 के तहत प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का आयोजन 8 मार्च 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद मुख्य परीक्षा (मेन्स) 2, 3 और 4 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का आयोजन राज्य के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग से प्राप्त अधियाचन के आधार पर किया जाएगा और इसके लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रशासनिक और पुलिस सेवा के सर्वाधिक पद
जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2025 के अंतर्गत विभिन्न सेवाओं में पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से—
- झारखंड प्रशासनिक सेवा : 28 पद
- झारखंड पुलिस सेवा : 42 पद
- जिला समाहर्ता : 2 पद
- प्रोबेशन अधिकारी : 4 पद
- सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा : 3 पद
- सहायक निदेशक, नियोजन : 2 पद
- सहायक नगर आयुक्त : 10 पद
- सूचना सेवा : 6 पद
इसके अतिरिक्त अन्य विभागीय सेवाओं के पद भी शामिल हैं। कुल मिलाकर 142 नियमित पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
45 बैकलॉग पद अलग से भरे जाएंगे
आयोग के अनुसार, इन 142 नियमित पदों के अलावा 45 बैकलॉग पद भी हैं, जिन्हें अलग प्रक्रिया के तहत भरा जाना है। इससे विभिन्न वर्गों के अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर मिलेंगे।
शिक्षा सेवा के कुछ पद भी शामिल
इस बार की सिविल सेवा परीक्षा की खास बात यह है कि प्रशासनिक सेवाओं के साथ-साथ शिक्षा सेवा से जुड़े कुछ पद भी इस परीक्षा के माध्यम से भरे जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों के लिए विकल्पों का दायरा बढ़ गया है।
जून में इंटरव्यू, 2025 से होगी आयु सीमा की गणना
मुख्य परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार (इंटरव्यू) का आयोजन 16, 17, 18 और 19 जून 2026 को प्रस्तावित है। वहीं, सिविल सेवा परीक्षा–2025 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी, जिसे लेकर आयोग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
पारदर्शी प्रक्रिया का दावा
जेपीएससी ने संकेत दिए हैं कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से संपन्न कराई जाएगी। आयोग ने यह भी बताया कि जल्द ही परीक्षा से संबंधित विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी, जिससे अभ्यर्थी समय का उचित उपयोग कर सकते है आवेदन के भरने के साथ तैयारी सुनिश्चित कर सकते है।
Also Read : दावोस में गूंजा झारखंड का विकास विजन, ब्लूमबर्ग से सीएम हेमंत सोरेन वे किया संवाद

