आज रांची आ रहे हैं जेपी नड्डा, भाजपा के मिशन 2024 का करेंगे शंखनाद

रांची : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज 28 अक्टूबर को रांची आ रहे हैं. यहां वह हरमू मैदान में आयोजित भाजपा की संकल्प यात्रा के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे. बता दें कि भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में नौ चरणों में 75 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प यात्रा पूरी हो चुकी है. आज इसका रांची में समापन होगा. इसके साथ ही जेपी नड्डा आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के मिशन 2024 का शंखनाद भी करेंगे.

इसे भी पढ़ें :एफएमसीजी कंपनी के मालिक राहुल गुप्ता से मांगी 1 करोड़ रंगदारी, टीपीसी के नाम से आया व्हाट्सऐप कॉल

हरमू मैदान में आज संपन्न होगी भाजपा की संकल्प यात्रा

भाजपा की संकल्प यात्रा के समापन समारोह की भरपूर तैयारी की गई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में हरमू मैदान में होने वाले समारोह में रांची जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं का महाजुटान होगा. रांची, हटिया, कांके, खिजरी, मांडर व तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता हरमू मैदान में जुटेंगे. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, कर्मवीर सिंह आदि ने तैयारियों का जायजा लिया. यहां जेपी नड्डा संकल्प यात्रा में आये कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. दोपहर 3 बजे जेपी नड्डा का रांची एयरपोर्ट पर आगमन होगा, जहां से वह हरमू मैदान जाएंगे और फिर शाम 6 बजे रांची एयरपोर्ट से रायपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे.

इसे भी पढ़ें : झारखंड पुलिस की महिला आईपीएस के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू, राज्य सरकार ने दिया आदेश