सिमडेगा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा की पहचान देशभर में हॉकी की नर्सरी के रूप में है. उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सिमडेगा का गौरव बढ़ाया है. इस दौरान उन्होंने जिले में शिक्षा, खेल, पर्यटन, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, सड़क, पेयजल और पर्यावरण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी.
उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति निरंतर जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है. तिरंगा हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाने के साथ यह सवाल भी करता है कि उनके सपनों का भारत बनाने के लिए हम क्या कर रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकीं सिमडेगा की बेटियां
कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा की पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले का गौरव बढ़ाया है. जापान और ओमान में दोनों खिलाड़ियों ने पदक जीतकर सिमडेगा की पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है. राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में भी जिले के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल किया है.
खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हॉकी खिलाड़ी पुष्पा मांझी को माइकल किंडो मेमोरियल अवार्ड से सम्मानित किया गया. उन्होंने जापान में U-18 Women Asia Cup-2026 में कांस्य, ओमान में 5-a-Side U-18 Women Asia Cup-2026 में रजत तथा सब-जूनियर नेशनल और स्कूल नेशनल U-17 हॉकी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है.
शिक्षा, पर्यटन और रोजगार को मिली रफ्तार
उपायुक्त ने बताया कि इंटरमीडिएट वाणिज्य में 99.56 प्रतिशत परिणाम के साथ सिमडेगा राज्य में प्रथम और कला में 99.36 प्रतिशत परिणाम के साथ तृतीय स्थान पर रहा है. मैट्रिक में जिले की एक छात्रा ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है. सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस सहित चार विद्यालयों में Advanced STEM Lab स्थापित किए जा रहे हैं.
पर्यटन के क्षेत्र में रामरेखा धाम में आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो चुका है. केलाघाघ में ईको टूरिज्म के विस्तार के साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स और रॉक क्लाइम्बिंग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है. हेरिटेज सेंटर-कम-म्यूजियम को SKOCH AWARD के सेमीफाइनल में चयनित किया गया है.

कृषि आधारित प्रसंस्करण के लिए 25 एकड़ भूमि में Integrated Agro Processing Hub के निर्माण की स्वीकृति मिली है. जिले में 8,562 मीट्रिक टन मछली उत्पादन हुआ है और रोजगार मेलों के माध्यम से 93 शिक्षित बेरोजगारों को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला है.
पेयजल, सड़क और पर्यावरण पर भी फोकस
कंचन सिंह ने बताया कि जिले में 3.6 लाख (3,65,262) लाभुकों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 89,475 महिलाओं को सम्मान राशि का भुगतान किया जा चुका है. सभी 94 ग्राम पंचायतों में पंचायत ज्ञान केंद्र स्थापित किए गए हैं.
1.20 लाख (1,20,932) घरों को नल से जल का कनेक्शन देने तथा 150 गांवों को मॉडल ग्राम घोषित किए जाने की जानकारी दी गई. वहीं सिमडेगा, बोलबा, कोलेबिरा और कुरडेग में साढ़े चार लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं.
ग्रामीण कनेक्टिविटी के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सात पथों का निर्माण पूरा और 15 पथों पर काम जारी है. 65 पथों का सुदृढ़ीकरण पूरा किया गया है, जबकि 47 पथों पर काम चल रहा है. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 24 पथों को स्वीकृति मिली है. दो हाई लेवल ब्रिज का निर्माण भी पूरा कराया गया है.

19 उत्कृष्ट पदाधिकारी-कर्मियों को सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य करने वाले कुल 19 पदाधिकारी, कर्मी और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया. खेल के क्षेत्र में हॉकी खिलाड़ी पुष्पा मांझी को माइकल किंडो मेमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया.
पुलिस विभाग से साइबर सेल के विकास कुमार, कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार, मानव मयंक, अविनेश पाण्डेय, सुपाई सोरेन और आरक्षी 799 सुनील कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया.
समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे. पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विद्यालयों की 11 प्लाटून ने परेड में हिस्सा लिया.
Also Read : झारखंड: राँची पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस पर दोहराया राष्ट्रसेवा का संकल्प


