Ranchi : दिल्ली में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों ने रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की है। झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे इन खिलाड़ियों में दिनेश कुमार, रेशमा कुमारी और बसंती कुमारी शामिल थे। दिल्ली में 6 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने पदक तालिका में अपना दबदबा बनाते हुए राज्य को गौरवान्वित किया, जिसमें दिनेश कुमार ने दो स्वर्ण पदक जीते, बसंती कुमारी ने महिला अंडर-25 वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया और रेशमा कुमारी ने एक रजत व एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों पर खुशी जाहिर करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने उन्हें बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए उपायुक्त ने उन्हें जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
Also Read : 7 साल से लापता बच्ची केस में हाईकोर्ट सख्त, कहा- 2 हफ्ते में रिजल्ट, वरना CBI जांच


