Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में मंगलवार को एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान CM हेमंत सोरेन ने 299 नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 62 बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) और 237 महिला पर्यवेक्षक (लेडी सुपरवाइजर) शामिल हैं। इस मौके पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

सीएम बोले– अब काम की होगी नियमित रैंकिंग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अब कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही CDPO, महिला पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी सेविकाओं के काम की नियमित रैंकिंग की व्यवस्था लागू होगी। सीएम ने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी जमीनी स्तर पर अच्छा काम करेंगे, उन्हें सरकार की तरफ से सम्मान और पुरस्कार दिया जाएगा।
दशकों बाद CDPO की बड़ी भर्ती
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद लंबे समय के इंतजार पश्चात CDPO की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो पाई है। उन्होंने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में लगभग 50 प्रतिशत महिलाओं ने सफलता हासिल की है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। सीएम ने कहा कि लाखों उम्मीदवारों में से चयन होना इस बात का संकेत है कि आप सभी में खास क्षमता है, और अब आपकी जिम्मेदारी जनता तक योजनाएं पहुंचाने की है।
समाज में बदलाव की जरूरत पर सीएम की चिंता
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री थोड़े भावुक भी नजर आए। उन्होंने समाज में बढ़ती दूरी और संवेदनहीनता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज हालत यह है कि कई बार लोग अपने पड़ोस में हुई घटना तक से अनजान रहते हैं, जो सही नहीं है। सीएम ने कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी सिर्फ योजनाएं लागू करना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना भी है।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें सरकारी योजनाएं
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि उनकी भूमिका बेहद अहम है, क्योंकि वे गांव से लेकर शहर तक काम करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की समस्याएं अक्सर झिझक की वजह से सामने नहीं आ पातीं, ऐसे में उन्हें समझकर मदद करना जरूरी है। सीएम ने कहा कि सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी को एक मजबूत कड़ी बनकर काम करना होगा।
Also Read : देवघर AIIMS में शिक्षा का विस्तार, जुलाई से M.Sc मेडिकल प्रोग्राम होगा शुरू


