Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने आज प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता से बिना डर के मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इसे निष्पक्ष और भयमुक्त कराने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की है।
चुनाव प्रचार का अंतिम दिन, जनता तैयार
साहू ने बताया कि आज प्रचार का अंतिम दिन और भाजपा के लगातार धरना प्रदर्शन और न्यायालय के निर्देशों के बाद राज्य के 48 नगर निकाय में आगामी 23 फरवरी को चुनाव होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सत्ता और प्रशासन का दुरुपयोग करने की मंशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव ईवीएम से कराने की मांग की थी, लेकिन राज्य सरकार जिद पर अड़ी रही। अब बैलेट पेपर के जरिए चुनाव होने से निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस प्रशासन पर चेतावनी
साहू ने राज्य सरकार के पुलिस प्रशासन से भी अनुरोध किया कि वे अपने पद और वर्दी की मर्यादा न तोड़ें। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस प्रशासन राज्य सरकार का टूल किट बनने का काम करेगा, तो भाजपा सभी पर पैनी नजर रखेगी।
जनता ने तय कर लिया है परिवर्तन
भाजपा नेता ने कहा कि जनता अब राज्य सरकार के कारनामों, भ्रष्टाचार, अपराध और भय से परेशान है। इसलिए लोग परिवर्तन चाहते हैं और निकाय चुनाव में सत्ता समर्थित उम्मीदवारों को सबक सिखाने को तैयार हैं। साहू ने जनता से अपील की कि चुनाव में भारी संख्या में मतदान करें। यह चुनाव केवल शहर की सरकार तय नहीं करेगा, बल्कि राज्य सरकार को भी कड़ी चेतावनी देगा।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित जनता
साहू ने कहा कि प्रदेश भर में भ्रम और भय के बावजूद जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित है। जनता हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार, अपराधियों के आतंक, लूट और अन्य सामाजिक परेशानियों के खिलाफ मतदान के जरिए अपना संदेश देने को तैयार है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद भाजपा नेता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक और प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह भी मौजूद थे।
Also Read : रांची में होल्डिंग टैक्स गड़बड़ी का खुलासा, मापी में मिली लाखों वर्गफीट की हेराफेरी

