Lohardaga : झारखंड के लोहरदगा जिले में शनिवार को एक बेहद दुखद खबर आई है। कुड़ू थाना क्षेत्र के झीको चट्टी में स्थित संत लॉरेंस स्कूल के हॉस्टल परिसर में भवन का एक हिस्सा गिरने से नर्सरी की एक 5 साल के छात्र सूर्यन उरांव की मौत हो गई। यह घटना पूरे इलाके में शोक और सदमे का कारण बनी है।
कैसे हुआ हादसा
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय शंकर कुमार ने बताया कि यह हादसा स्कूल की छुट्टी होने के बाद हॉस्टल परिसर में हुआ। दोपहर के भोजन के बाद बच्चे ट्यूशन की तैयारी कर रहे थे और अपने कमरों से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान नन्हा सूर्यन हॉस्टल के कमरे के बाहर दीवार से सटे छज्जे पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। अचानक भारी-भरकम छज्जा भरभराकर उसके ऊपर गिर गया। सूर्यन मलबे के नीचे दब गया और उसे गंभीर चोटें आईं।
तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षक अफरा-तफरी में पड़ गए। लहुलुहान हालत में बच्चे को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया। चूंकि स्थिति गंभीर थी, उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ो ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेज दिया।
रिम्स में इलाज के दौरान मासूम की मौत
दुर्भाग्यवश, रिम्स रांची में इलाज के दौरान सूर्यन उरांव ने दम तोड़ दिया। घटना ने विद्यालय, परिवार और पूरे जिले में शोक की लहर फैला दी।
Also Read : निष्पक्ष और भयमुक्त निकाय चुनाव सुनिश्चित कराना निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की जिम्मेवारी : आदित्य साहू

