जोहार लाइव ब्यूरो
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने 164 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है. गांजे की यह खेप एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार में ले जाई जा रही थी. पुलिस ने वाहन से गांजे के 82 पैकेट बरामद किए हैं. हालांकि, पुलिस की चेकिंग के दौरान कार सवार तीन लोग वाहन को सिकिद नदी के किनारे छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 28 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत की गई. बीते, 27 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लग्जरी वाहन में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर सघन वाहन जांच शुरू की गई.
चेकिंग के दौरान भागने लगे कार सवार
वाहन जांच के दौरान चतरा शहर की ओर से आ रही सफेद रंग की हुंडई वरना कार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और चकमा देकर भागने लगा.
इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया. पीछा किए जाने पर चालक और वाहन में सवार दो अन्य लोग कार को सिकिद नदी के किनारे छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए.
कार से मिले 82 पैकेट गांजा
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें गांजे के 82 पैकेट मिले. इनका कुल वजन 164 किलोग्राम बताया गया है. पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वरना कार को भी जब्त कर लिया. वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर UP-14CF-5803 है.
इस मामले में चतरा सदर थाना कांड संख्या 448/2026 के तहत 28 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा सन्नी वर्धन, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल उरांव, वशिष्ठनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, सदर थाना के सहायक अवर निरीक्षक सफिक अंसारी और सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


