Patna : इंडिगो एयरलाइंस के लगातार जारी परिचालन संकट का असर पटना एयरपोर्ट पर भी दिखा, जहां एक साथ दस उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दूरदराज जिलों से आए कई यात्री बिना सूचना के ही जोखिम उठाकर एयरपोर्ट पहुंच गए। कई ऐसे मुसाफिर भी थे जो सऊदी अरब में नौकरी पर लौटने के उद्देश्य से दिल्ली के रास्ते पटना पहुंचे थे, लेकिन फ्लाइट रद्द होने की जानकारी समय पर न मिलने से वे काफी परेशान नजर आए।
यात्रियों का कहना है कि इंडिगो की ग्राहक सेवा टीम ने उड़ानों से संबंधित अपडेट 24 घंटे पहले देने का वादा किया था, लेकिन अधिकांश को न कोई संदेश मिला, न कॉल। मजबूरन सीवान, गोपालगंज, छपरा जैसे जिलों से कई लोग पटना पहुंचे, जबकि उन्हें रास्ते में ही फ्लाइट के समय बदलने या रद्द होने की सूचना मिली। एक यात्री ने बताया कि उनका वीजा समाप्त होने वाला है और देर होने पर नौकरी भी जा सकती है।
15 दिसंबर तक सामान्य होने की उम्मीद
पटना एयरपोर्ट के निदेशक सीपी द्विवेदी ने बताया कि इंडिगो की रद्द उड़ानों की संख्या धीरे-धीरे कम हो रही है और 15 दिसंबर तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि 5 से 15 दिसंबर के बीच रद्द हुई सभी उड़ानों के टिकटों का पूरा पैसा लौटाने की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान इंडिगो की स्टेशन मैनेजर शालिनी भी मौजूद रहीं।
एयरपोर्ट प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
व्यवस्था संभालने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं। टर्मिनल प्रबंधक कार्यालय के भीतर एक केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जिसमें एएआई संचालन टीम, सिविल इंजीनियरिंग, विद्युत विभाग और रेलवे अधिकारियों को तैनात किया गया है। यह केंद्र उड़ानों में व्यवधान की स्थिति में यात्रियों का प्राथमिक सहायता केंद्र बनेगा। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चेक-इन क्षेत्र में अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर खाने-पीने के पर्याप्त प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। शौचालयों में 24 घंटे अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात कर स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है।
इसके अलावा उड़ानों की रद्दीकरण और समय-सारणी से संबंधित सभी अपडेट पटना एयरपोर्ट के आधिकारिक एक्स हैंडल और मीडिया के जरिए तुरंत साझा किए जा रहे हैं। यात्रियों की त्वरित सहायता के लिए टर्मिनल मैनेजर की हेल्पलाइन – 9471000714 को 24×7 सक्रिय रखा गया है। इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से जहां यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं, वहीं एयरपोर्ट प्रशासन हालात को सामान्य करने में पूरी सक्रियता से जुटा है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में परिचालन फिर से पटरी पर लौट आएगा।
Also Read : IND vs SA : चंडीगढ़ में मुकाबला आज, जीत का चौका लगाने उतरेगी टीम इंडिया

