Patna : रक्सौल में शनिवार सुबह आयकर विभाग ने प्रमुख व्यवसायी मोहम्मद कलीम के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और उनके पैतृक आवास पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच की गई। आयकर विभाग की टीम एक दर्जन से अधिक वाहनों के साथ शहर पहुंची, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
आयकर विभाग की टीम ने आदापुर प्रखंड के विष्णुपुरवा स्थित पैतृक घर, रक्सौल मुख्य पथ पर पंकज चौक के पास स्थित प्रतिष्ठान, तनिष्क शोरूम और लक्ष्मीपुर स्थित हीरो होंडा शोरूम में एक साथ कार्रवाई की। अधिकारियों ने सभी स्थानों को घेरकर दस्तावेजों की जांच शुरू की और कर्मचारियों व परिजनों से पूछताछ की।
पंकज चौक स्थित प्रतिष्ठान और तनिष्क शोरूम में बही-खातों और अन्य कागजात की गहन जांच की गई। वहीं लक्ष्मीपुर स्थित हीरो होंडा शोरूम में भी पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया। पैतृक आवास में व्यक्तिगत और व्यवसायिक दस्तावेजों की जांच की गई।
अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोग और कारोबारी वर्ग हैरान रह गए। शहर में दिन भर इस छापेमारी को लेकर चर्चा होती रही। हालांकि आयकर विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार, दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान क्या निष्कर्ष सामने आएंगे। विभाग की इस कार्रवाई को कर नियमों के पालन को लेकर सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


