Lohardaga : जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में डंपिंग प्लांट की आड़ में अवैध रूप से बालू का कारोबार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर बालू लोड छह हाइवा वाहन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई भड़गांव-नंदगांव पथ पर स्थित बीटीआईपीएल प्लांट परिसर में की गई। बताया जा रहा है कि यहां संगठित और व्यवस्थित तरीके से बालू का अवैध भंडारण एवं परिवहन किया जा रहा था। आमतौर पर इस स्थल को निर्माण सामग्री तैयार करने वाला डंपिंग यार्ड माना जाता था, जिससे किसी को अवैध गतिविधियों की भनक नहीं लगी।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि सेन्हा थाना क्षेत्र के भड़गांव इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद उन्होंने सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा को कार्रवाई का निर्देश दिया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई त्वरित छापेमारी में छह हाइवा वाहन जब्त किए गए, जिनके रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 13जे 6362, जेएच 13जे 3825, जेएच 13जे 5141, जेएच 13जे 9876, जेएच 13जे 9290 एवं जेएच 13जे 8633 हैं। सभी वाहनों में अवैध रूप से बालू लदी हुई थी।
वैध कागजात नहीं दिखा सके चालक
पुलिस द्वारा बालू के वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर सेन्हा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया। मामले की जानकारी मिलने पर खनन निरीक्षक बसंत उरांव एवं सेन्हा अंचलाधिकारी पंकज कुमार भगत थाना पहुंचे और जब्त वाहनों का सत्यापन किया। इस संबंध में सेन्हा थाना में कांड संख्या 28/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Also Read : कुख्यात अमन सिंह गैंग ने ली सिंह मेंशन में बमबाजी की जिम्मेदारी, लिखा- संजीव सिंह का दरवाजा फाड़े हैं…


