Dhanbad : झरिया विधायक रागिनी सिंह के घर यानी सिंह मेंशन पर बीती देर रात हुई बमबाजी की घटना की जिम्मेदारी अमन सिंह (मृत) गिरोह ने ली है। गिरोह के सदस्य शंकर सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस घटना को अंजाम देने की बात कही है। साथ ही धनबाद को “शमशान बनाने” और बदला लेने की धमकी दी है।
क्या लिखा है प्रेस विज्ञप्ति में
शंकर सिंह के नाम से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि जिस जमीन पर अमन सिंह का खून बहा है, उस धरती को बंजर बना देंगे। धनबाद के व्यापारियों, खासकर कोयला और लोहे से जुड़े कारोबारियों से रंगदारी देने की मांग की गई है। शंकर सिंह ने यह भी कहा है कि जो लोग उनकी बात नहीं मानेंगे, उन्हें चुन-चुनकर मारा जाएगा। बयान में संजीव सिंह का नाम लेते हुए धमकी भी दी गई है।

देर रात सिंह मेंशन पर फेंके गए बम
मालूम हो कि रविवार की रात अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके। एक बम मुख्य गेट के अंदर और दूसरा गेट के बाहर फेंका गया। दोनों बम तेज धमाके के साथ फटे, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना के बाद फरार हुए अपराधी
बमबाजी के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटनास्थल से बम के अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read : कुएं में मिला पांच साल के मासूम का श’व, पुलिस जुटी जांच में


