Jamshedpur : जमशेदपुर परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंगनगर में एक दर्दनाक हादसे में पांच साल के मासूम शिवम कैवर्तो की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शिवम बीती शाम अपने दोस्तों के साथ घर से खेलने निकला था। शाम छह बजे के बाद उसके सभी दोस्त अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन शिवम घर नहीं पहुंचा। देर शाम तक बच्चे का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पिता शिवनाथ कैवर्तो ने पहले स्वयं आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कहीं से कोई सुराग नहीं मिला तो परसुडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
खोजबीन के दौरान पंचायत भवन के पास स्थित करीब 30 फीट गहरे कुएं के पास शिवम की चप्पल मिली, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मजरुल बारी की मदद ली। रस्सी के सहारे मजरुल बारी कुएं में उतरे और तलाश शुरू की।
करीब रात साढ़े नौ बजे कुएं से शिवम का शव बाहर निकाला गया। शव निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हादसा मान रही है।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि खेलने के दौरान बच्चा कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Also Read : वायरल हुई एक तस्वीर और PCR चालक सस्पेंड


