रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरिडीह के मधुबन में आयोजित होने वाले मरांग बुरु धर्मगाढ़ महासम्मेलन और बोकारो के ललपनिया में होने वाले 26वें इंटरनेशनल संताल सोशियो-सरना रिलिजन कॉन्फ्रेंस 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है. शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में संताल समाज के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा.
दोनों आयोजनों में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी सरना धर्मावलंबियों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. इन सम्मेलनों में आदिवासी संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, सामाजिक रीति-रिवाजों और जनजातीय एकजुटता को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी.
मधुबन और ललपनिया में होंगे सम्मेलन
मरांग बुरु धर्मगाढ़ महासम्मेलन का आयोजन 4 और 5 नवंबर को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड स्थित मधुबन, मरांग बुरु में किया जाएगा. वहीं, 26वां इंटरनेशनल संताल सोशियो-सरना रिलिजन कॉन्फ्रेंस 22 से 24 नवंबर तक बोकारो जिले के टीटीपीएस, ललपनिया में आयोजित होगा. यह सम्मेलन सोहराय कुनामी यानी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रस्तावित है.
प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोनों सम्मेलनों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित है. जनजातीय समाज की पहचान और अस्तित्व को बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे.
मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त और मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष फागू बेसरा, हीरालाल मांझी, सोमई टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुरेश हेंब्रम, सुधीर बास्के, बबली सोरेन, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, लादु मांझी, डॉ. डुमनी मयी मुर्मू और सोनाराम मांझी समेत संताल समाज के कई प्रतिनिधि शामिल थे.
Also Read : जामिया में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बवाल: टेंट उखाड़े जाने का आरोप, छात्रों और सुरक्षाकर्मियों में टकराव

