Dhanbad : धनबाद में सुबह से ही तेज धूप खिली रही, लेकिन जैसे-जैसे दोपहर बीती, शाम तक मौसम ने करवट ली। गरज के साथ आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। शहर के कई इलाकों में छोटे बच्चों ने आंगन में गिरे ओलों का लुत्फ उठाया और बर्फ जैसी ठंडी बूंदों को जमा करते नजर आए।
आंधी-बारिश ने गर्मी की छुट्टी दी
तेज आंधी और कुछ देर की बारिश से मौसम में ठंडक फैल गई। लोग अपने घरों की बालकनी या आंगन में खड़े होकर बारिश का आनंद लेते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार यह गतिविधि अगले कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इसी के चलते 21 मार्च तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती क्षेत्रों का असर
मौसम में बदलाव का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है। पंजाब और आसपास यह सक्रिय है, जबकि राजस्थान व उत्तर प्रदेश में चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसके अलावा असम से अरुणाचल प्रदेश तक एक ऊपरी चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इन प्रणालियों के असर से धनबाद समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में गरज के साथ बारिश और ओले गिर रहे हैं।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मंगलवार से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में सक्रिय होने वाला है। इसका असर पहाड़ों पर बारिश और हिमपात के रूप में दिखेगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में आंधी-बारिश की गतिविधि जारी रहेगी। दिन का तापमान अगले एक सप्ताह तक सामान्य से कम रहने की संभावना है।


