Ranchi : रांची के हैवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (HEC) के आवासीय परिसर की खाली जमीन पर अवैध कब्जा तेजी से बढ़ रहा है। कब्जाधारियों के सामने HEC प्रबंधन लगभग लाचार नजर आ रहा है। न तो उनके पास कब्जा हटाने की ठोस योजना है और न ही पर्याप्त संसाधन। इसका फायदा उठाकर कई जगहों पर तेजी से अवैध निर्माण हो रहा है।
नगर निगम की कार्रवाई, लेकिन जगह-जगह अवैध निर्माण
हालांकि रांची नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुराना विधानसभा के सामने मुख्य सड़क के दोनों ओर और बाईपास सड़क के किनारे HEC की जमीन पर बने कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। निगम ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अभियान जारी रहेगा।
आर्थिक तंगी और सुरक्षा की कमी का फायदा कब्जाधारियों को
एचईसी के पास सुरक्षा कर्मियों की टीम होने के बावजूद जमीन की निगरानी प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रही है। गाड़ियों के लिए तेल तक नहीं होने की स्थिति में निरीक्षण धीमा है। कंपनी की आर्थिक तंगी का फायदा कब्जाधारियों ने उठाया और करोड़ों की जमीन पर निर्माण कर लिया।
नोटिस और चेतावनी जारी
HEC ने नगर प्रशासन विभाग के माध्यम से सभी निवासियों को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि बिना अनुमति किए गए निर्माण सार्वजनिक परिसर अधिनियम 1971 के तहत अपराध हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि परिसर में अवैध निर्माण पाया गया तो HEC या जिला प्रशासन कभी भी उसे ध्वस्त कर सकता है।
रोजाना नए कब्जे और तेजी से निर्माण
जानकारी के अनुसार, HEC आवासीय परिसर में रोजाना दर्जनों नए अवैध निर्माण हो रहे हैं और जमीन की खरीद-फरोख्त भी खुलेआम हो रही है। पिछले एक साल में कब्जों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज हुई है। बिरसा चौक, सेक्टर-2, सेक्टर-3, पंचमुखी मंदिर, धुर्वा बस स्टैंड, जेपी मार्केट, डैम साइड, आश्रम मैदान और पटेल मैदान में खाली जमीन पर तेजी से निर्माण हो रहा है।
रोकथाम की कोशिशें और कर्मचारी तैनाती
कंपनी ने करीब 50 अस्थायी कर्मचारियों को अवैध निर्माण करने वालों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी है और छह टीमों को निर्माण रोकने और रिपोर्ट करने का काम सौंपा है। इसके बावजूद कई जगहों पर खुलेआम निर्माण जारी है। जेपी मार्केट के पास आश्रम मैदान में दर्जनों अवैध निर्माण किए जा रहे हैं, लेकिन शिकायत मिलने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

