Ranchi : रांची के ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आईपीएस अधिकारी गौरव गोस्वामी ने रांची के नए रूरल एसपी के रूप में पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ कर दिया कि उनका पहला फोकस अपराध नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को और प्रभावी बनाते हुए आम जनता का भरोसा जीतना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
पतरातू में एसडीपीओ रहते किया बेहतर काम
गौरव गोस्वामी इससे पहले पतरातू में एसडीपीओ के पद पर तैनात थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके काम को लेकर पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी सकारात्मक प्रतिक्रिया रही।
जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
नए पदभार के साथ उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना जरूरी है। इसके लिए थाना स्तर पर जनसुनवाई, त्वरित कार्रवाई और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।


