Garhwa : गढ़वा जिले में 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को पुलिस केंद्र गढ़वा में SP अमन कुमार ने चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ब्रीफिंग दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र गढ़वा पुलिस निरीक्षक संदीप कुमार ने की।
मतदान केंद्रों का वर्गीकरण और सुरक्षा तैनाती
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के तीन नगर निकाय—गढ़वा नगर परिषद, बंशीधर नगर और मझिआंव नगर पंचायत—के सभी मतदान केंद्रों को सेंसेटिव, हाइपर सेंसेटिव और सामान्य श्रेणी में बांटा गया है। उसी अनुरूप सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल के साथ पेट्रोलिंग पार्टी की व्यवस्था की गई है।
चार क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन
चुनाव के दौरान किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए जिले में चार क्विक रिस्पांस टीम (QRT) बनाई गई हैं। ये टीम आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगी। बज्रगृह और मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही सेक्टर पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की तैनाती रहेगी और वरीय अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करेंगे।
कड़ी निगरानी और गश्ती
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि चुनाव को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इंटरस्टेट मार्गों पर सघन गश्ती और आने-जाने वाले लोगों की तलाशी सुनिश्चित की जाएगी। सभी थाना और ओपी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करें। इसके अलावा, जिले के सभी होटल, लॉज और कम्युनिटी हाल में ठहरे बाहरी व्यक्तियों की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी।
मतदाताओं से अपील
गढ़वा पुलिस ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। मतदान के दौरान किसी भी समस्या या संदिग्ध स्थिति का सामना करने पर बूथ पर तैनात पुलिस या प्रशासनिक पदाधिकारी को तुरंत सूचित करें, या डायल 112 पर कॉल करें।
Also Read : रांची पुलिस की अपील : बच्चा चोर की अफवाह से सावधान, अपने हाथ में न लें कानून

