Jamshedpur : पोटका थाना क्षेत्र के टाटा-हाता मुख्य मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तुड़ी लाइन होटल के पास तेज रफ्तार पार्वती बस की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जो खबर लिखे जाने तक जारी था।
आधा किलोमीटर तक घसीटता रहा बस
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब दो बजे की है। पार्वती बस हाता से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान तुड़ी में दास धर्मकांटा के पास साइकिल सवार को बस ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बस साइकिल सवार को आधा किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक घसीटते हुए ले गई और तुड़ी लाइन होटल के पास जाकर रुकी। हादसा इतना भयावह था कि मृतक के शरीर के अवशेष सड़क पर बिखरे नजर आए।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के तुमुंग टोला डुमरटांड निवासी 41 वर्षीय घासीराम किस्कू के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने बस में तोड़फोड़ कर दी और मुआवजे की मांग को लेकर टाटा-हाता मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बसों पर नियंत्रण लगाया जाए।
पुलिस मौके पर, जाम जारी
घटना की सूचना मिलते ही पोटका और कोवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक ग्रामीण जाम हटाने को तैयार नहीं थे। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यातायात पूरी तरह बाधित है। पुलिस हालात को सामान्य करने में जुटी हुई है।
Also Read : रांची पुलिस की अपील : बच्चा चोर की अफवाह से सावधान, अपने हाथ में न लें कानून

