Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जयप्रकाश उद्यान के पास ऑटो से पकड़े गए आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम जयप्रकाश उद्यान के पास पहुंची। वहां एक नीले रंग की ऑटो में चार लोग बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही सभी भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि सशस्त्र बल की मदद से पुलिस ने चारों को मौके पर ही पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।
तलाशी में देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने जब गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार लोगों की पहचान धीरज कुमार उर्फ छोटू साव, शेखर कुमार उर्फ पप्पू यादव, शिवा कुमार और वी. रमेश आनंद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक धीरज कुमार उर्फ छोटू साव के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि शेखर कुमार उर्फ पप्पू यादव के पास से 8 एमएम के तीन जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने मौके से ऑटो को भी जब्त कर लिया है।
आरोपियों को भेजा जाएगा न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस पूरी कार्रवाई में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, सुनील कुमार सिंह, महेश उरांव, धर्मराज कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।
Also Read :

