Ranchi : राज्य के वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक राधाकृष्ण किशोर ने एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पर तीखा हमला बोला है। इस बार उनका इशारा JTET भाषा विवाद और उस पर पार्टी के रुख को लेकर रही चुप्पी पर था। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि JTET भाषा विवाद को लेकर बनी कमिटी की पहली बैठक हो चुकी है, लेकिन अब तक यह साफ नहीं है कि कांग्रेस का आधिकारिक रुख क्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पार्टी का स्टैंड ही तय नहीं है तो ऐसे में काम कैसे आगे बढ़ेगा। उन्होंने साफ कहा कि ऐसी स्थिति में वह और मंत्री दीपिका पांडे सिंह अपने विवेक से पार्टी का पक्ष कमिटी के सामने रख सकते हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि कमिटी के संयोजक होने के रिश्तेदार केशव महतो कमलेश से पार्टी का पक्ष जानना कोई गलत बात नहीं है, लेकिन इस पर भी स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है।


