Dhanbad : झारखंड में हाथियों और इंसानों के बीच टकराव अब बड़ी समस्या बनता जा रहा है। पिछले एक महीने में ही तीन दर्जन से ज्यादा लोगों की जान हाथी हमलों में चली गई है। इसी बीच कल शाम पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल में ऐसी घटना हुई, जिससे रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ गई।
ट्रैक पर आ गया हाथियों का झुंड
महुआमिलान और निद्रा स्टेशन के बीच अचानक हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। हाथी काफी देर तक पटरी पर ही घूमते रहे। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने तुरंत उस रूट की ट्रेनों को रोक दिया। धनबाद से डालटनगंज जाने वाली लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रुक गई। कुछ ट्रेनें रास्ते में खड़ी रहीं, तो कुछ को पास के स्टेशनों पर रोक दिया गया। यात्रियों को भी देरी का सामना करना पड़ा।
कई ट्रेनों का रास्ता बदला गया
जब हाथी काफी देर तक ट्रैक से नहीं हटे, तो रेलवे ने कई ट्रेनों का रूट बदल दिया। सबसे पहले 13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस को बरकाकाना में रोका गया और बाद में हजारीबाग टाउन, कोडरमा और गया के रास्ते भेजा गया। कई अन्य ट्रेनों का मार्ग भी बदला गया-
11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस
12877 रांची नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस
13347 बरकाकाना पटना पलामू एक्सप्रेस
18635 रांची सासाराम एक्सप्रेस
18611 रांची वाराणसी एक्सप्रेस
18309 संबलपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस
18524 बनारस विशाखापट्टनम एक्सप्रेस
21894 पटना टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस
13348 पटना बरकाकाना पलामू एक्सप्रेस
कुछ ट्रेनों को बरकाकाना–हजारीबाग टाउन–कोडरमा–गया रूट से चलाया गया, जबकि कुछ को गढ़वा रोड–गया–गोमो–बोकारो–मूरी के रास्ते भेजा गया।
सुरक्षा सबसे पहले
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। जब तक हाथी ट्रैक से पूरी तरह हट नहीं गए, तब तक ट्रेनों को आगे नहीं बढ़ाया गया। फिलहाल ट्रेनों का संचालन सामान्य हो गया है, लेकिन यह घटना फिर याद दिलाती है कि झारखंड में हाथी और इंसान के बीच टकराव कितनी बड़ी चुनौती बन चुका है।
Also Read : JEE Mains Result 2026 : इंतजार हुआ खत्म, NTA ने घोषित किए पहले सेशन के नतीजे


