Nalanda : नालंदा जिले के सभी राशन कार्डधारकों के लिए एक जरूरी सूचना जारी की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी, बिहार शरीफ ने राज्य सरकार के निर्देश पर सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे 30 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से अपना e-KYC पूरा करा लें।
पारदर्शिता के लिए दिया गया यह निर्देश
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत आने वाले सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत e-KYC किया जाना है। इसको लेकर जिला पदाधिकारी, नालंदा ने भी जिला स्तरीय बैठक में संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना और गड़बड़ियों पर रोक लगाना है।
आज से 30 दिसंबर तक मुफ्त e-KYC
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और अंत्योदय योजना के तहत लाभ लेने वाले सभी राशन कार्डधारकों और उनके परिवार के सदस्यों को 17 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच अपने जन वितरण प्रणाली विक्रेता की दुकान पर जाकर e-KYC कराना होगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है और C-POS मशीन के माध्यम से की जाएगी।
जन वितरण विक्रेताओं को निर्देश
प्रशासन ने सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे अपनी दुकानों पर e-KYC से संबंधित सूचना स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही, खाद्यान्न वितरण के दौरान जिन लाभार्थियों का e-KYC नहीं हुआ है, उनका तत्काल e-POS मशीन से मुफ्त e-KYC किया जाए। सभी दुकानों को प्रत्येक वितरण दिवस पर खुला रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
Also Read : झारखंड में कड़ाके की ठंड, रांची समेत कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट


