Ranchi : झारखंड की राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान इस मौसम की सबसे कड़ाके की ठंड दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरे शहर में सन्नाटा पसरा रहा। शाम 5 बजे के बाद सड़कों पर लोगों की आवाजाही बेहद कम देखने को मिली। यही स्थिति गुमला और खूंटी जिलों में भी रही।
रांची मौसम केंद्र ने आज कड़ी ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक पहुंच सकता है और लगभग सभी जिलों में तापमान सिंगल डिजिट में रहने का अनुमान है।
6 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, गुमला, खूंटी, रांची, सिमडेगा और लातेहार जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच रह सकता है। सुबह के समय ठंडी और तेज हवाएं चलेंगी, ऐसे में मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दोपहर में धूप, फिर भी ठंड का असर
आज दोपहर में तेज धूप निकलने की संभावना है और आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है, जिससे थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, इसलिए लोगों को धूप में भी सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रमुख शहरों का तापमान (बुधवार)
- रांची : 23°/9°
- जमशेदपुर : 27°/11°
- धनबाद : 26°/11°
- बोकारो : 25°/10°
- पलामू : 26°/7°
Also Read : HC से जुड़े मामलों पर पुलिस मुख्यालय सख्त, 24 घंटे में मांगी नोडल पदाधिकारियों की जानकारी


