Purnea : पूर्णिया में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम सह भूमि एवं राजस्व मंत्री विजय सिन्हा ने जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। एक शिकायत सामने आते ही मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्रवाई के निर्देश दिए। कसबा की रहने वाली सीमा मांझी ने शिकायत की कि उनके परिवार की जमीन का बंटवारा सभी दस्तावेज पूरे होने के बावजूद अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि कई बार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ।
शिकायत सुनते ही मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तलब किया और अंचल अधिकारी से जवाब मांगा। अंचल अधिकारी ने कहा कि यह मामला उनके कार्यकाल से पहले का है और संबंधित अधिकारी का तबादला हो चुका है। इस पर मंत्री और नाराज हो गए। उन्होंने साफ कहा कि जिम्मेदारी से बचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने डीसीएलआर से पूरे मामले पर जवाब तलब करने का निर्देश दिया और कहा कि जहां दस्तावेज पूरे हैं, वहां देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री विजय सिन्हा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, चाहे वे कहीं भी हों। उन्होंने कहा कि आम लोगों को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। जनसंवाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मंत्री के सख्त रुख की सराहना की। सीमा मांझी के मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
Also Read : एयरलाइंस में पायलटों की बंपर भर्ती, हर महीने 100 नये पायलट हायर करेगा इंडिगो


