Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सुधीर कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। अधिकारी 19 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। यह कार्रवाई शनिवार को उनके निजी आवास पर की गई। इल्जाम है कि सुधीर कुमार ने संविदा कर्मी संतोष कुमार से सेवा विस्तार और दोबारा योगदान के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सुधीर कुमार के पास परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य), तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था।
निगरानी विभाग की एक विशेष टीम गठित
पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि उन्होंने 5 दिसंबर 2025 को 1 लाख 81 हजार रुपये की पहली किस्त दी थी। इसके लिए उन्होंने बैंक से कर्ज लिया, पत्नी के गहने गिरवी रखे और अपनी गाड़ी तक बेच दी। इसके बावजूद अधिकारी बाकी 19 हजार रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। परेशान होकर संतोष कुमार ने 11 दिसंबर 2025 को पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद निगरानी विभाग की एक विशेष टीम बनाई गई।
आवास की तलाशी जारी
योजना के तहत शनिवार को संतोष कुमार जब चर्च रोड स्थित अधिकारी के निजी आवास पर बचे हुए रुपये देने पहुंचे, तभी पहले से मौजूद निगरानी टीम ने अधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी अधिकारी को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनके आवास की तलाशी ली जा रही है ताकि आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा सके।
टीम आरोपी के साथ पटना रवाना
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को लेकर पटना रवाना हो गई है, जहां उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।
Also Read : झारखंड हाई कोर्ट ने बैडमिंटन टूर्नामेंट का किया उद्घाटन


