Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट के तत्वावधान में आयोजित 2nd ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ शनिवार को खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम में हुआ। बतौर मुख्य अतिथि हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि तनाव को कम कर कार्यक्षमता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों के लिए ऐसे आयोजन आपसी सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम बनते हैं।
यह राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट 03 से 04 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के 09 हाई कोर्ट से आए 31 जज भाग ले रहे हैं। इनमें झारखंड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, बॉम्बे, ओडिशा, राजस्थान, केरल और कर्नाटक उच्च न्यायालय शामिल हैं। टूर्नामेंट में मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स की चार श्रेणियों में मुकाबले खेले जा रहे हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ दमदार प्रदर्शन किया।
आयोजन के लिए खेलगांव परिसर में आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के ठहरने और विश्राम की सुविधा, चिकित्सा व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन में जिला प्रशासन, रांची की भूमिका सराहनीय रही। इस अवसर पर न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला प्रशासन के उल्लेखनीय सहयोग और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के लिए रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री को सम्मानित किया।

Also Read : रांची में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत, जागरूकता रथ को दिखायी गई हरी झंडी


