Ramgarh : रामगढ़ जिले में होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता DC फैज अक अहमद मुमताज ने की। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी, थाना प्रभारी और शांति समिति के सदस्य शामिल रहे।
DC की अपील: भाईचारा बनाए रखें
बैठक की शुरुआत में DC ने सभी को होली और रमजान की शुभकामनाएं दी और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अनुरोध किया कि बिना पुष्टि किसी भी संदेश या पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत जानकारी जिला नियंत्रण कक्ष 06553-222005 पर दें।
सोशल मीडिया और कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी
DC ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन के आदेश के तहत जिले के 61 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक प्रखंड में तीन पालियों में गश्ती दंडाधिकारी तैनात रहेंगे और जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन पालियों में अधिकारी ड्यूटी करेंगे।
वाहन जांच और सुरक्षा उपाय
बैठक में DC ने पर्व के दौरान वाहन जांच अभियान चलाने, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। शांति समिति के सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को देने के लिए कहा गया।
प्रशासन का संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामगढ़ में होली और रमजान का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Also Read : पाकुड़ में इस बार ऐतिहासिक होगा होलिका दहन, रथबड़ी मैदान में होगा खास आयोजन

