Palamu : पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल आज बंशीधर नगर पहुंचे और यहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने थाना प्रभारियों और क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
अनुमंडल पुलिस कार्यालय का निरीक्षण
डीआईजी ने सबसे पहले अनुमंडल पुलिस कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद दस्तावेज, लंबित मामलों और पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों को उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीआईजी ने आम जनता की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, और इसके लिए हर पुलिस अधिकारी को सतर्क और सक्रिय रहने की बात कही।

थाना प्रभारियों से चर्चा
डीआईजी ने क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निपटान, गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा, डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना और जनता का विश्वास बनाना भी उतना ही जरूरी है।
न्यायालय परिसर की सुरक्षा का जायजा
डीआईजी ने बंशीधर नगर न्यायालय परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात पुलिस बल को सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करने और आने-जाने वाले लोगों की निगरानी को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में शामिल अधिकारी
इस दौरान एसपी अमन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, क्षेत्रीय इंस्पेक्टर और विभिन्न थानों के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
Also Read : जमीन के झगड़े ने बदली खूनी रूप, पिता की मौत, बेटा अस्पताल में

